स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को लेकर लोगों को किया गया जागरूक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुवा पूर्वी पंचायत एवं पश्चिमी पंचायत की ओर से व्यापक डस्टबिन वितरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत गुवा बाजार, रेलवे मार्केट, रामनगर, कल्याण नगर, विवेक नगर, रेलवे स्टेशन कॉलोनी, हिरजीहाटिंग सहित विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर लोगों के बीच डस्टबिन वितरित किए गए। पंचायत प्रतिनिधियों ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को खुले में फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालें, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झामुमो संपर्क कार्यालय में दुर्गा सोरेन की 17वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
गंदगी से फैलती हैं बीमारियां, स्वच्छता अपनाने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जहां-तहां कचरा फेंकने से गंदगी फैलती है और कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, गली और आसपास के वातावरण की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पंचायत की ओर से सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से गांव और शहर को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की पहचान है और इसे जन आंदोलन बनाना जरूरी है। इस अवसर पर मुखिया चांदमनी लागुरी, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, महादेवी वर्मा, अनुराधा राव, जानों चातर, पदमा केसरी समेत कई महिलाएं उपस्थित थीं।























