पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर/चिरिया : चिरिया क्षेत्र के झामुमो नेता एवं सेल के ठेकेदार मनोहर झा का शव शनिवार रात उनके आवास में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब घर के पास रहने वाला एक युवक उन्हें देखने पहुंचा। युवक ने मनोहर झा को गमछे के सहारे लटका हुआ देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चिरिया ओपी प्रभारी वाहिद अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : विधायक की पहल से ढाकपथर गांव को मिली नई सड़क, ग्रामीणों में खुशी
निधन की खबर से क्षेत्र में शोक, लोगों ने जताया दुख
स्थानीय लोगों के अनुसार, मनोहर झा पिछले कुछ समय से व्यक्तिगत और व्यावसायिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है और आधिकारिक निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही सामने आएगा। मनोहर झा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके निधन की खबर फैलते ही चिरिया और मनोहरपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि उनके जाने से क्षेत्र ने एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और जनसरोकारों से जुड़े व्यक्ति को खो दिया है।



























