कुमार बास्के को शीघ्र नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग, झामुमो ने आंदोलन की दी चेतावनी
नियुक्ति नहीं मिलने पर झामुमो ने आंदोलन की दी चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय एवं उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बाली मार्डी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कुमार बास्के को अनुकंपा के आधार पर शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की गई। बताया गया कि कुमार बास्के के पिता स्वर्गीय लक्ष्मण बास्के जेएनएसी कार्यालय में कार्यरत थे और सेवा अवधि के दौरान ही उनका निधन हो गया था। उस समय उनकी उम्र 55 वर्ष थी। परिवार का आरोप है कि नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति का लाभ मिलने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है, जिससे परिवार को आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मणिपाल हॉस्पिटल्स ने सीपीआर प्रशिक्षण के जरिए बचाई जा सकने वाली जिंदगियों का दिया संदेश
स्वर्गीय कर्मचारी के पुत्र को अब तक नहीं मिली अनुकंपा नियुक्ति
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुमार बास्के ने विभाग के निर्देशानुसार अपने सभी मूल दस्तावेज जमा कर दिए थे। संबंधित अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि एक-दो दिनों के भीतर नियुक्ति पत्र जारी कर दिया जाएगा। हालांकि एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। झामुमो नेताओं के अनुसार जब इस संबंध में जेएनएसी कार्यालय में जानकारी ली गई तो अधिकारियों ने आवेदन और दस्तावेजों का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की बात कही। इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए झामुमो नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर एक वर्ष तक मामला लंबित क्यों रखा गया और संबंधित दस्तावेजों का रिकॉर्ड कैसे गायब हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : सुरदा माइंस के ठेका कर्मियों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा
दस्तावेज नहीं मिलने की बात पर भड़के झामुमो कार्यकर्ता
झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बाली मार्डी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कुमार बास्के को हर हाल में जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी किया जाए। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं उनके अधिकार की अनदेखी तो नहीं की जा रही है। बाली मार्डी ने कहा कि यदि एक-दो दिनों के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो झामुमो जेएनएसी कार्यालय के समक्ष उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस अवसर पर कुमार बास्के, झामुमो नेता उज्जवल दास, मकसूद अंसारी, सूरज गोड़, संतोष हो, जय सोरेन, आकाश महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।























