रोजो संक्रांति मेले में हजारों श्रद्धालुओं को मिल रहा शुद्ध पेयजल
सीएसआर के तहत उपलब्ध कराया गया पानी टैंकर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका के हरिणा स्थित प्रसिद्ध मुक्तेश्वर धाम में आयोजित पांच दिवसीय रोजो संक्रांति मेले के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड ने महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत मेले में पानी का टैंकर उपलब्ध कराया है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। मेले में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों पश्चिम बंगाल और ओड़िशा से भी हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता लोगों के लिए बड़ी सुविधा बन गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : संयुक्त यूनियनों का आंदोलन रंग लाया, फिलहाल टली बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था
सामाजिक दायित्व निभाने में अग्रणी रही है कंपनी
शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यानंद झा ने कहा कि कंपनी हमेशा सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने बताया कि रोजो संक्रांति मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करना आवश्यक था। इसी सोच के तहत कंपनी ने पानी का टैंकर उपलब्ध कराया है ताकि किसी भी श्रद्धालु को गर्मी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। कंपनी की इस पहल की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में इस प्रकार की जनसेवा न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करती है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सकारात्मक संदेश भी देती है।

























