Share

Jamshedpur : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति का महाकुंभ 25-26 जुलाई को जमशेदपुर में

  • देशभर से 160 से अधिक पदाधिकारी, उद्योगपति और समाजसेवी होंगे शामिल, 51 वर्षों में पहली बार झारखंड के नेतृत्व में राष्ट्रीय बैठक
  • देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति और राष्ट्रीय नेतृत्व रहेगा मौजूद, युवा और महिला सम्मेलन की भी रहेगी सशक्त भागीदारी
  • दो दिवसीय कार्यक्रम में शपथ ग्रहण, महाप्रसाद और राष्ट्रीय बैठकें, व्यापक तैयारी के साथ स्वागत और आयोजन समिति सक्रिय
  • राष्ट्रीय आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सत्र 2026-31 की प्रथम राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठकें 25 और 26 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित Ramada by Wyndham Jamshedpur में आयोजित होंगी। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के आतिथ्य में आयोजित इस राष्ट्रीय महाकुंभ में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 160 राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी भाग लेंगे। उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों के प्रतिनिधि इस आयोजन में शामिल होंगे। सम्मेलन के 51 वर्ष पूरे होने के बाद पहली बार झारखंड से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के कारण यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। रांची निवासी बसंत कुमार मित्तल वर्तमान में राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आनंद मार्ग ने हरिजन मध्य विद्यालय में 200 फलदार एवं पुष्पीय पौधों का किया वितरण

झारखंड के नेतृत्व में पहली बार आयोजित हो रही राष्ट्रीय बैठक

राष्ट्रीय बैठक में देश के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं सम्मेलन के भामाशाह ट्रस्टी भी शामिल होंगे। इनमें विनीत गुप्ता ‘लोहिया’, नंद किशोर अग्रवाल, रामप्रकाश गर्ग तथा विष्णु अग्रवाल प्रमुख हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल और विनोद अग्रवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, पूरणमल अग्रवाल और कुलभूषण गोयल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया, हनुमान प्रसाद अग्रवाल, संतोष अग्रवाल और संजय जैन समेत संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि भी बैठक में भाग लेंगे। सम्मेलन के राष्ट्रीय विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और सेवा गतिविधियों के विस्तार पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Patamda : उपायुक्त राजीव रंजन ने पटमदा प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनसेवा में गुणवत्ता पर दिया जोर

राष्ट्रीय स्तर के उद्योगपतियों और पदाधिकारियों का होगा संगम

बैठक में युवा सम्मेलन और महिला सम्मेलन की भूमिका भी प्रमुख रहेगी। युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल के नेतृत्व में महिला इकाई की पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगी। सम्मेलन में युवा नेतृत्व को सशक्त बनाने, सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। संगठन की भावी रणनीति में युवा और महिला इकाइयों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 134 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

युवा और महिला इकाइयों की भूमिका पर होगा विशेष मंथन

25 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ जी के महाप्रसाद के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। शाम में नव-मनोनित राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जबकि रात्रि में ग़ज़ल संध्या और स्नेह मिलन का आयोजन किया जाएगा। 26 जुलाई को सुबह श्री अग्रसेन ज्ञान मंदिर में माल्यार्पण और तुलादान कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद दिनभर राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक चलेगी, जिसमें संगठन विस्तार, सेवा परियोजनाओं, सामाजिक सरोकारों और आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों पर चर्चा कर भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Potka : मानपुर पहुंचने का रास्ता बना जानलेवा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

दो दिनों तक चलेगा विचार-मंथन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर

राष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर स्वागत एवं आयोजन समिति का गठन किया गया है। अतिथियों के स्वागत से लेकर आवास, परिवहन, पंजीकरण, मीडिया समन्वय, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मंच संचालन तक की जिम्मेदारियां विभिन्न पदाधिकारियों को सौंपी गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका और प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ मुख्य आयोजन समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति का मानना है कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन अग्र समाज के संगठनात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। दो दिवसीय बैठक में लिए जाने वाले निर्णय संगठन की भावी दिशा, सेवा गतिविधियों के विस्तार और सामाजिक दायित्वों को नई गति प्रदान करेंगे।

Leave a Comment

Jadugoda : तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट के लंबित मुद्दों पर पांच ग्राम प्रधानों की बैठक, प्रबंधन से वार्ता की मांग

नियोजन, अनुकंपा नियुक्ति और विस्थापितों के अधिकारों को लेकर बनी रणनीति सीएमडी से वार्ता की तैयारी, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता

  • नियोजन, अनुकंपा नियुक्ति और विस्थापितों के अधिकारों को लेकर बनी रणनीति
  • सीएमडी से वार्ता की तैयारी, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के फैसले का स्वागत
  • ग्राम प्रधानों के सत्यापन को अनिवार्य बनाने के फैसले की सराहना

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं झामुमो नेता बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में गुरुवार को यूसिल के तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे पांच ग्राम प्रधानों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्थापितों और प्रभावित परिवारों से जुड़े लंबित मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। ग्राम प्रधानों ने मृतक विस्थापितों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियोजन, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, फ्रेश सर्टिफिकेट प्राप्त विस्थापितों को शीघ्र रोजगार तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी रोजगार देने की मांग उठाई। इसके अलावा ठेका मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति का महाकुंभ 25-26 जुलाई को जमशेदपुर में

विस्थापितों और ठेका मजदूरों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर जल्द ही यूसील के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कंचम आनंद राव से वार्ता कर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देगा और उनके मार्गदर्शन में आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर बाघराय मार्डी ने ठेका मजदूरों की बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा नियुक्ति से पहले संबंधित ग्राम प्रधानों के सत्यापन को अनिवार्य किए जाने के लिए यूसील प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Jamshedpur : आनंद मार्ग ने हरिजन मध्य विद्यालय में 200 फलदार एवं पुष्पीय पौधों का किया वितरण

पर्यावरण संरक्षण के साथ मानसिक शुद्धता और नव्य मानवतावाद का दिया संदेश पर्यावरण संकट के लिए मानवीय स्वार्थ को बताया

  • पर्यावरण संरक्षण के साथ मानसिक शुद्धता और नव्य मानवतावाद का दिया संदेश
  • पर्यावरण संकट के लिए मानवीय स्वार्थ को बताया जिम्मेदार
  • नव्य मानवतावाद के माध्यम से प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति अपनत्व का आह्वान
  • पौधारोपण के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) एवं प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) जमशेदपुर की ओर से जोजोबेड़ा स्थित राजकीय हरिजन मध्य विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच 200 फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधों के महत्व, उनके संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है।

इसे भी पढ़ें : Patamda : उपायुक्त राजीव रंजन ने पटमदा प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनसेवा में गुणवत्ता पर दिया जोर

विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि पर्यावरण की समस्या मनुष्य द्वारा उत्पन्न की गई समस्या है और इसका समाधान भी मनुष्य को ही खोजना होगा। उन्होंने कहा कि स्वार्थ, भौतिक लालसा और प्रकृति के प्रति संवेदनहीनता के कारण पर्यावरण प्रदूषण बढ़ा है। केवल पेड़ लगाने से ही समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि मन के प्रदूषण को भी दूर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक मनुष्य अपने मन को निर्मल और व्यापक नहीं बनाएगा, तब तक प्रकृति के प्रति उसका दृष्टिकोण नहीं बदलेगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए आंतरिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों आवश्यक हैं।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 134 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

मन के प्रदूषण को दूर किए बिना संभव नहीं पर्यावरण का संरक्षण

सुनील आनंद ने नव्य मानवतावाद की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पृथ्वी पर केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि पेड़-पौधे, पशु-पक्षी और अन्य जीव-जंतु भी समान रूप से इस धरती रूपी परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मनुष्य इन सभी को अपने परिवार का हिस्सा मानकर उनके संरक्षण और सम्मान की भावना नहीं अपनाएगा, तब तक पर्यावरण का वास्तविक कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

Patamda : उपायुक्त राजीव रंजन ने पटमदा प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनसेवा में गुणवत्ता पर दिया जोर

विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों, केजीबीवी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा विकास योजनाओं की प्रगति और फील्ड मॉनिटरिंग

  • विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों, केजीबीवी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा
  • विकास योजनाओं की प्रगति और फील्ड मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
  • केजीबीवी में छात्राओं से संवाद, बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्देश
  • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा, मरीजों को बेहतर सेवा देने के निर्देश
  • स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों की सुविधा सुनिश्चित करने पर बल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पटमदा : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने पटमदा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक और जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया तथा पदाधिकारियों और कर्मियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आम नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 134 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश

उपायुक्त ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, राजस्व कार्यों और विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए नियमित अनुश्रवण, फील्ड विजिट और योजनाओं की गुणवत्ता की सतत निगरानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को क्षेत्र में अधिक समय बिताकर जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इसे भी पढ़ें : Potka : मानपुर पहुंचने का रास्ता बना जानलेवा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर प्रशासन का फोकस

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), पटमदा का भी दौरा किया। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया और छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन, पुस्तकें, खेलकूद तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने पर भी बल दिया।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति पर होगी सख्त निगरानी : उपायुक्त

छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए गतिविधियां बढ़ाने पर जोर

इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटमदा का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र और विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Jhargram : झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 134 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

तकनीकी शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की पहल, 24 कंपनियों ने लिया भाग रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और कौशल विकास

  • तकनीकी शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की पहल, 24 कंपनियों ने लिया भाग
  • रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और कौशल विकास पर दिया गया जोर
  • 24 कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

झाड़ग्राम : पश्चिम बंगाल सरकार के तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से ईश्वर चंद्र विद्यासागर पॉलिटेक्निक, झाड़ग्राम में जिला स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के गायन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एडीएम (स्किल्स) झाड़ग्राम संतीराम गोराई, जिला नोडल अधिकारी (कौशल विकास) सौमित्र मुदली, डीईई झाड़ग्राम की ईओआईसी पापिया मंडल, आईएफबी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एचआर अधिकारी सुमित मित्रा सहित विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद दो सरकारी आईटीआई, दो सरकारी पॉलिटेक्निक तथा पश्चिम बंगाल सोसाइटी फॉर स्किल डेवलपमेंट (PBSSD) के कुल 13 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इसे भी पढ़ें : Potka : मानपुर पहुंचने का रास्ता बना जानलेवा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने युवाओं के लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं। रोजगार मेले में 24 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जहां सरकारी पॉलिटेक्निक, आईटीआई और पीबीएसएसडी से जुड़े 134 विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। चयनित अभ्यर्थियों को तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से प्रशंसा प्रमाणपत्र, स्मृति-चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और रोजगार मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Potka : मानपुर पहुंचने का रास्ता बना जानलेवा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

दमाकी–मानपुर तीन किमी सड़क जर्जर, गड्ढों और जलभराव से आवागमन हुआ मुश्किल स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय जाने वालों को हो

  • दमाकी–मानपुर तीन किमी सड़क जर्जर, गड्ढों और जलभराव से आवागमन हुआ मुश्किल
  • स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय जाने वालों को हो रही भारी परेशानी
  • सड़क पर उतरे ग्रामीण, जल्द निर्माण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
  • ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : ऐतिहासिक गांव के रूप में पहचान रखने वाला मानपुर इन दिनों बुनियादी सड़क सुविधा के अभाव से जूझ रहा है। गांव तक पहुंचने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बने बड़े गड्ढे तथा जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अवैध बालू कारोबार पर बरसोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 चक्का ट्रक जब्त

कई बार आवेदन के बावजूद नहीं हुई सड़क निर्माण की पहल

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। मानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्लस टू विद्यालय स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, एंबुलेंस, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण इसी मार्ग से आते-जाते हैं। खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है, जबकि बच्चों को विद्यालय आने-जाने में जोखिम उठाना पड़ता है। दमाकी से मानपुर तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क सबसे अधिक जर्जर स्थिति में है। इसी मार्ग से आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क बना हुआ है, जिससे हजारों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति पर होगी सख्त निगरानी : उपायुक्त

जर्जर सड़क से हजारों लोगों की दिनचर्या प्रभावित

सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से उपेक्षा का शिकार यह सड़क अब जानलेवा बन चुकी है। प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता धीरन भकत, अंबिका महतो, ग्राम प्रधान गोपाल मुर्मू, मुखिया प्रतिनिधि तरनी सिंह सरदार, नुनाराम रजक, शत्रुघ्न दास, बंकिम रजक, कालू सिंह, ठाकुर प्रसाद पात्र, त्रिलोचन भकत, सुनील मांडी, लस्का मुर्मू, शुरू तापे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Baharagoda : अवैध बालू कारोबार पर बरसोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 चक्का ट्रक जब्त

ओडिशा से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था बालू, गुप्त सूचना पर पुलिस ने पकड़ा वाहन अवैध कारोबारियों में

  • ओडिशा से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था बालू, गुप्त सूचना पर पुलिस ने पकड़ा वाहन
  • अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप, आगे भी चलेगा अभियान
  • अवैध खनन और तस्करी पर पुलिस की सख्त नजर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : अवैध बालू कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरसोल थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 16 चक्का ट्रक (WB 13 E 8634) को जब्त कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के जामसोला क्षेत्र से अवैध रूप से बालू लादकर झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच अभियान चलाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में बालू लदा पाया गया। बालू को छिपाने के उद्देश्य से वाहन को ऊपर से तिरपाल से ढक दिया गया था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति पर होगी सख्त निगरानी : उपायुक्त

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

ट्रक जब्त किए जाने के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध बालू कारोबारियों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बरसोल थाना पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और बालू तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे सघन जांच अभियान जारी रहेंगे और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अवैध बालू कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top