ओडिशा सरकार ने समाज के लोगों से मांगा सहयोग, वैधानिक अधिकार दिलाने का प्रयास
समाज से आगे आकर सहयोग करने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : ओडिशा सरकार और संबलपुर जिला प्रशासन वर्ष 2023 में दिवंगत हुए सरदार हरभजन सिंह के परिजनों की तलाश में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार संबलपुर निवासी हरभजन सिंह का निधन होने के बाद उनके निकट संबंधियों अथवा कानूनी उत्तराधिकारियों का पता नहीं चल पाया है। इसके कारण सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि अब तक वास्तविक हकदारों को नहीं सौंपी जा सकी है। प्रशासन का प्रयास है कि मृतक के परिवार का पता लगाकर नियमानुसार उन्हें मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य से विभिन्न माध्यमों से उनके परिजनों की खोज की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : छात्रों पर हमले को भाजपा ने बताया तानाशाही का प्रतीक, सांसद विद्युत महतो ने की सीबीआई जांच की मांग
मुआवजा राशि के हकदारों तक पहुंचने की कवायद तेज
सूत्रों के अनुसार सरदार हरभजन सिंह पूर्व में जमशेदपुर के निवासी रहे थे। बताया जाता है कि उनकी पुत्री का विवाह वर्ष 2016 में जमशेदपुर में ही हुआ था। इसी आधार पर यह संभावना जताई जा रही है कि उनके परिवार या रिश्तेदारी से जुड़े कुछ लोग आज भी जमशेदपुर अथवा आसपास के क्षेत्रों में निवास कर रहे हों। मृतक के परिजनों की तलाश से जुड़ी जानकारी जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा साहिब के साबका प्रधान सरदार इन्दर सिंह इन्दर तक पहुंची है। इसके बाद उन्होंने स्थानीय समाज और सिख समुदाय के लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : टनल हादसे में विजय हांसदा की मौत से पलासबनी में मातम, दुखनी सोरेन ने परिजनों को बंधाया ढांढस
जमशेदपुर से जुड़े होने के कारण बढ़ी तलाश की उम्मीद
सरदार इन्दर सिंह इन्दर ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को सरदार हरभजन सिंह, उनकी पुत्री, परिवार के किसी सदस्य, रिश्तेदार या परिचित के बारे में कोई जानकारी हो तो वह आगे आए और संबंधित सूचना साझा करे। उनका मानना है कि छोटी-सी जानकारी भी प्रशासन को सही परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे मृतक के वास्तविक परिजनों को उनका वैधानिक अधिकार और मुआवजा राशि मिल सकेगी।

























