मानदेय, SIR, मंईयां सम्मान, पेंशन, राशन और प्रमाण पत्र से जुड़े मुद्दों पर हुआ मंथन
26 सितंबर को बीडीओ-सीओ को सौंपा जाएगा ज्ञापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका में जमशेदपुर मुखिया संघ की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष राकेश चंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष कान्हू मुर्मू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों के मानदेय, SIR से जुड़ी पंचायत स्तरीय समस्याओं, मंईयां सम्मान योजना के क्रियान्वयन, 5वीं राज्य वित्त आयोग से संबंधित विषय एवं पंचायतों को मिलने वाली राशि पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राशन विभाग की समस्याओं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में देरी, ऑफलाइन जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाने में आ रही दिक्कतों तथा पेंशन स्वीकृति और भुगतान में विलंब का मुद्दा भी उठाया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टिनप्लेट हादसे पर जदयू ने जताई चिंता, प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
पंचायत स्तर की समस्याओं के समाधान को लेकर बनी रणनीति
बैठक में पंचायतों के विकास और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीरता से विचार किया गया। मुखिया संघ के सदस्यों ने कहा कि पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष सभी मुद्दों को मजबूती से रखा जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 26 सितंबर को संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुखिया संघ का कहना है कि ज्ञापन के माध्यम से पंचायतों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मामलों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा। साथ ही पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाने और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल की मांग की जाएगी।



























