- सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान में पुलिस को मिली अहम सफलता, चेकिंग के दौरान संदिग्ध गिरफ्तार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली और सुरज सोय उर्फ डाकू के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग और छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कदमा में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
छापेमारी में कई ठिकानों से बरामदगी
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में अहम जानकारी दी। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर कुमार सर्वया के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकू के आवास से, जो दोर्ना एलआईसी कॉलोनी के नीचे घासी राम के घर में किराएदार के रूप में रह रहा था, दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं रवि महतो उर्फ पतली के सालडीह बस्ती स्थित घर से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अलावा दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके एक अन्य साथी के घर से भी एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : प्रेम अग्रवाल के DRUCC सदस्य मनोनयन से सरायकेला में हर्ष का माहौल
आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी बरामद मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त कर लिया है। बरामद वाहनों में एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल (पंजी संख्या JH22H-2704), दो बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (पंजी संख्या JH01EH-6384) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त सुरज सोय उर्फ डाकू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आदित्यपुर, ईचागढ़, आरआईटी और कदमा थाना में चोरी और चोरी का माल रखने से जुड़े कुल सात मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और संपत्ति अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
























