- अमृत भारत योजना के तहत बड़ाजामदा स्टेशन का निर्माण अधूरा
- सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जिला अध्यक्ष ने रेलवे महाप्रबंधक को लिखा पत्र
- यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे से तत्काल कार्रवाई की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन के निर्माण में लगातार विलम्ब और घटिया निर्माण कार्य को लेकर यात्रियों में गहरा रोष है। जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा सह भारतीय जनता पार्टी के बड़ाजामदा निवासी शंभू हाजरा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को लिखित पत्र भेजते हुए इस मामले को उजागर किया। पत्र में बताया गया कि रेलवे मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अमृत भारत योजना के तहत बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण एवं निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था, लेकिन डेढ़ साल के बाद भी कार्य पूरी तरह से नहीं हुआ है। संवेदक द्वारा कार्य स्थल पर कोई बोर्ड, योजना की प्राक्कलन राशि या कार्य पूर्ण करने की समयसीमा नहीं लगाई गई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : परीक्षा जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक पड़ाव है – कोवाली थाना प्रभारी
यात्रियों ने घटिया निर्माण से होने वाले खतरे पर जताई चिंता
शंभू हाजरा ने पत्र में कहा कि कार्य में घटिया निर्माण किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर टाइल्स और ग्रेनाइट पत्थर बार-बार उखड़ रहे हैं, और कई बार गड्डा बन जाने के कारण ट्रेन से आने-जाने वाले यात्री घायल हो चुके हैं। उन्होंने मांग की कि प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ओवरब्रिज का विस्तार रूंगटा कॉलोनी तक किया जाए, क्योंकि रेलवे साइडिंग पार करने वाले ग्रामीण और स्कूली बच्चे सुरक्षित आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर और यात्री सीट का निर्माण एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में शराब पार्टी के दौरान छह गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल और वाहन बरामद
बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज विस्तार की मांग
पत्र में यह भी बताया गया कि बड़ाजामदा प्लेटफॉर्म परिसर में रेलवे द्वारा शौचालय का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन इसे बंद रखा गया है। इस कारण से यात्रियों और हाट बाजार में आने-जाने वाले पुरुष एवं महिलाओं को शौचालय की सुविधा के लिए गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शंभू हाजरा ने रेलवे विभाग से अपील की है कि उपरोक्त सभी मुद्दों पर शीघ्र ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। इस पत्र की प्रतिलिपि रेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली को भी भेजी गई है।
























