- पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक प्रवचन के बीच 42 यूनिट रक्त संग्रहित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के मानुषमुड़िया गांव स्थित स्वामी निगमानंद आश्रम में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हिमाद्री भोल की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और विशेष पूजा-अर्चना व आरती में शामिल हुए। आश्रम का वातावरण भक्ति भाव से सराबोर रहा, जहां श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आध्यात्मिक गतिविधियों में लीन नजर आए। आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : दिनदहाड़े फायरिंग से दहली रांची, जमीन कारोबारी पर हमला
आध्यात्मिक ज्ञान के साथ मानव सेवा का संकल्प, भंडारे में जुटे सैकड़ों लोग
कार्यक्रम में भार्गव चैतन्य ब्रह्मचारी ने स्वामी निगमानंद जी के जीवन और उनकी आध्यात्मिक साधना पर प्रकाश डाला। उन्होंने तंत्र, ज्ञान, योग और प्रेम भक्ति के माध्यम से प्राप्त उनकी सिद्धियों का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम के अंत में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में विजया नंद सरस्वती, आनंद मय भोल, शिब शंकर भोल और सपन बंद की अहम भूमिका रही।


























