- ओटीसी ग्राउंड के पास बाइक सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ गोलीबारी, इलाके में दहशत
- दिनदहाड़े वारदात से सहमे लोग, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : रांची के पंडरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओटीसी ग्राउंड के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भार्गव सिंह मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने पीछे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सेंदरा पर्व पर पूरी तरह शिकार पर रहेगी रोक, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने कसी कमर
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


























