जागरूकता अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचीं महिलाएं, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर दिया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की सांड्रा पंचायत में मंगलवार को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन योजना के तहत प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया और माहवारी स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रभात फेरी में शामिल महिलाओं ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने संबंधी संदेश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने तथा समाज में फैली गलत धारणाओं को समाप्त करने के लिए प्रेरित करना था।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : बाकीशोल से सारुदा तक जर्जर सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, विकास की मांग हुई तेज
माहवारी को लेकर भ्रांतियां दूर करने पर दिया गया जोर
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रतिमा सांटुआ ने बताया कि माहवारी महिलाओं के जीवन की एक प्राकृतिक और सामान्य प्रक्रिया है, जो आमतौर पर 12 से 14 वर्ष की आयु में शुरू होकर 45 से 50 वर्ष की आयु तक नियमित रूप से होती है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में माहवारी को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं, जिसके कारण महिलाएं संक्रमण सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करती हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए विश्व स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष 27 और 28 मई को विश्व माहवारी दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में मुखिया मीणा मुंडा, अनीता मुंडा, शिवानी मुंडा तथा पंचायत की सभी जल सहियाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


























