1.30 करोड़ की लागत से बनेगा 8 कक्षाओं का आधुनिक भवन
मेधावी छात्रों के सम्मान से बढ़ा उत्साह, क्षेत्र में खुशी का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड के कोकपाड़ा उच्च विद्यालय में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नए भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 8 कक्षाओं के भवन की आधारशिला नारियल फोड़कर रखी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आयुष्मान दिवस पर आनंद मार्ग की सेवा पहल, मोतियाबिंद मरीजों को मिला सहारा
छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा व्यवस्था को किया जा रहा मजबूत

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से इस वर्ष की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे अन्य छात्र भी प्रेरित हो सकें। इस मौके पर झामुमो के वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश भगत, प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हंसदा, कोषाध्यक्ष कमल मंडल, मुखिया पूजा भूमिज, विद्यालय की प्राचार्य सुनीता दास, विक्रम टुडू, पंचायत अध्यक्ष चिंटू सोरेन, माधव मंडल, सतदल गिरी, पिंटू पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कदम बताया।


























