50 रोगियों का मुफ्त ऑपरेशन, छाता वितरण कर किया सम्मान
आयुष्मान योजना के तहत लगातार मिल रहा स्वास्थ्य लाभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आयुष्मान दिवस के अवसर पर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त प्रयास से 50 मोतियाबिंद रोगियों की सफल फेको सर्जरी कर निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। एक महीने के भीतर दोनों आंखों का ऑपरेशन कर मरीजों को नई दृष्टि प्रदान की गई। इसके साथ ही मरीजों को दवाइयां और चश्मा देकर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी लाभार्थियों के बीच छातों का वितरण भी किया गया, ताकि वे धूप और बारिश से सुरक्षित रह सकें। इस पहल से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली और उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में जनगणना का डिजिटल आगाज़, 1 मई से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
वर्षों से चल रहा दृष्टि सेवा अभियान, हर साल हजारों को लाभ
आनंद मार्ग द्वारा राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (डीबीसीएस) और आयुष्मान योजना के तहत पिछले कई वर्षों से दृष्टि सेवा अभियान चलाया जा रहा है। संस्था हर वर्ष लगभग 1000 लोगों की आंखों की जांच कर उनका निःशुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण करती है। पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित किए जाते हैं। 30 अप्रैल को मनाए जाने वाले आयुष्मान दिवस का विशेष महत्व है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 2018 में आयुष्मान योजना लागू की गई थी, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करना है।
























