पहली बार पूरी तरह ऑनलाइन सिस्टम से दो चरणों में होगी जनगणना
4602 कर्मियों की तैनाती, 2027 में शुरू होगा दूसरा चरण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जनगणना को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जहां इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जनगणना का पहला चरण 1 मई से शुरू होकर 15 मई तक चलेगा, जिसमें लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर हाउस लिस्टिंग फॉर्म भर सकेंगे। फॉर्म जमा करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 मई से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर इस आईडी के जरिए विवरण का सत्यापन और अन्य जानकारी दर्ज करेंगे। जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उनका डेटा भी कर्मी घर जाकर डिजिटल रूप से दर्ज करेंगे, जिससे कोई भी परिवार इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जीवन ज्योति संस्था की अनूठी पहल, बुजुर्गों के लिए शुरू होगा “अनुभव बैंक”
घर-घर से जुटेंगी जरूरी जानकारियां, बड़ी टीम करेगी काम
उपायुक्त ने बताया कि इस जनगणना में घर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाएंगी, जिनमें मोबाइल नंबर, वाहन, शौचालय और पेयजल की उपलब्धता, लैपटॉप जैसी सुविधाएं और मकान की स्थिति (स्वामित्व या किराया) शामिल हैं। इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 4,602 कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें 10 प्रतिशत रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा 778 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह जनगणना पूरी तरह 100 प्रतिशत ऑनलाइन सिस्टम पर आधारित होगी, जो इसे पहले की प्रक्रियाओं से अलग बनाती है। जनसंख्या गणना का दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से शुरू होगा।
























