वरिष्ठ नागरिकों को रोजगार और सम्मान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम
संस्था ने नागरिकों और संस्थानों से मांगा सहयोग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था “जीवन ज्योति” ने एक नई पहल “अनुभव बैंक” शुरू करने की घोषणा की है। मानगो डिमना रोड स्थित अविनाश नगर में आयोजित बैठक के बाद संस्था के संस्थापक महासचिव मनोज मिश्रा ने बताया कि इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के वर्षों के अनुभव, कौशल और विशेषज्ञता को संगठित रूप से संकलित कर उन्हें उपयुक्त रोजगार अवसरों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था लंबे समय से बुजुर्गों को सम्मानजनक रोजगार दिलाने के लिए प्रयासरत है और “अनुभव बैंक” इस दिशा में एक ठोस और प्रभावी पहल साबित होगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में झामुमो नेता ने पथ विक्रेताओं को बांटा ठंडा जल और ओआरएस
कौशल और अनुभव के आधार पर बुजुर्गों को मिलेंगे नए अवसर
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपाध्यक्ष महेश चौबे ने कहा कि जो बुजुर्ग शारीरिक और मानसिक रूप से कार्य करने में सक्षम हैं, वे इस योजना के माध्यम से अपनी प्रतिभा को पुनः उपयोग में ला सकेंगे। संस्था ऐसे सभी इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों का डाटा तैयार कर उन्हें विभिन्न संस्थानों, व्यवसायों और सामाजिक कार्यों से जोड़ेगी। सचिव रश्मि सिन्हा ने कहा कि आज के समय में कई बुजुर्ग अवसरों के अभाव में निष्क्रिय हो जाते हैं, जिससे उनमें अकेलापन और आर्थिक निर्भरता बढ़ती है। “अनुभव बैंक” न केवल उन्हें रोजगार उपलब्ध कराएगा, बल्कि उनके आत्मसम्मान को भी पुनर्स्थापित करेगा और उन्हें समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : रामकृष्ण विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, मेघा मिश्रा बनीं टॉपर
सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और आत्मसम्मान लौटाने की पहल
संस्था ने सभी इच्छुक बुजुर्गों से इस पहल से जुड़ने की अपील की है, ताकि वे अपने अनुभव को नई पहचान दे सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही स्थानीय संस्थानों, व्यापारियों और नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग देने का अनुरोध किया गया है। बैठक में मनोज मिश्रा, महेश चौबे, आर.बी. सहाय, रवि शंकर, रश्मि सिन्हा, कीनू बैठा, एल.बी. प्रसाद, लाल बाबू चौधरी, विष्णु लाल, जिष्णु महतो, प्रेम लाल साहू, विश्वनाथ, आर.के. मिश्रा, विजय शर्मा और एस.पी. श्रीवास्तव सहित कई सदस्य उपस्थित थे। सभी ने इस पहल को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
























