भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने के लिए फुटपाथ दुकानदारों के बीच किया वितरण
सामाजिक पहल से जरूरतमंदों को मिली राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड क्षेत्र में झामुमो नेता उज्ज्वल दास ने भीषण गर्मी को देखते हुए पथ विक्रेताओं और फुटपाथ दुकानदारों के बीच ठंडा पानी और ओआरएस घोल के पैकेट का वितरण किया। सड़क किनारे दिनभर धूप में काम करने वाले इन विक्रेताओं को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। उज्ज्वल दास ने कहा कि बढ़ते तापमान में आम लोगों, खासकर मेहनतकश वर्ग के लिए राहत के इंतजाम जरूरी हैं। इस दौरान उन्होंने मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर राहगीरों के लिए प्याऊ की व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई, ताकि लोगों को पीने के पानी की सुविधा मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : रामकृष्ण विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, मेघा मिश्रा बनीं टॉपर
प्रशासन से प्याऊ और समय सीमा तय करने की मांग
इस संबंध में झामुमो महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष बाली मार्डी के साथ उज्ज्वल दास ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर शहर के विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कड़ी धूप और भीषण गर्मी को देखते हुए फुटपाथ दुकानदारों के लिए सामान बेचने की समय सीमा तय करने का भी सुझाव दिया। उपायुक्त ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द अमल में लाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ललन पोद्दार, सूरज गौड़, विजय ठाकुर और उमेश महतो समेत कई लोग उपस्थित रहे।
























