लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पीड़ित को मिला इंसाफ, समाज ने किया सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला के जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय-I में वर्ष 2020 से लंबित एक सत्र वाद में आखिरकार न्याय मिल गया। वर्ष 2019 में दर्ज इस मामले में सूचक नौशर अली ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और न्याय के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। पहली सुनवाई 22 जून 2022 को शुरू हो सकी, जिसके बाद कई बार तारीखें पड़ीं और सामाजिक व मानसिक दबावों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अदालत में नियमित रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष मजबूती से रखा। सभी गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर 21 अप्रैल 2026 को अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया, जिससे न्याय प्रक्रिया पर भरोसा और मजबूत हुआ।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : भीम नामाता की पुण्यतिथि पर झामुमो कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने किया माल्यार्पण
संघर्ष की जीत पर समाज ने किया सम्मान, बढ़ा हौसला
फैसले के बाद नौशर अली ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उनका न्याय व्यवस्था पर विश्वास और गहरा हुआ है। इस अवसर पर फूलपाल मस्जिद के सचिव शेख अखरुद्दीन ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके साहस व संघर्ष की सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी इस फैसले को न्याय की जीत बताया और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। यह मामला उन लोगों के लिए उदाहरण बन गया है जो कठिन परिस्थितियों में भी न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ते।


























