एक वर्ष बाद भी पूरा नहीं हुआ गाजीडीह सड़क निर्माण, विभागीय सचिव को लिखा पत्र
विधायक ने उच्चस्तरीय जांच और त्वरित निर्माण कार्य की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने हाता–मुसाबनी मुख्य सड़क से गाजीडीह तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सचिव को पत्र लिखकर संबंधित संवेदक के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 1.655 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास 6 अप्रैल 2025 को किया गया था। यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : वज्रपात से दामदी स्कूल टोला का ट्रांसफार्मर जला, 30 परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण अधर में
विधायक ने बताया कि शिलान्यास के बाद संवेदक द्वारा सड़क निर्माण का प्रारंभिक कार्य शुरू किया गया और सड़क को खोद दिया गया, लेकिन इसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण पूरा नहीं होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक हाजिरी के विरोध में चार लौह अयस्क खदानों में ठप हुआ कामकाज
जर्जर सड़क और जलजमाव से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
अपने पत्र में विधायक सोमेश सोरेन ने उल्लेख किया है कि शिलान्यास के एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने विभाग से सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य को अविलंब पुनः शुरू कर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने का अनुरोध किया है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।






















