नया टेंडर जारी नहीं होने और भुगतान में अनियमितता को लेकर ड्राइवरों ने जताई नाराजगी
सेल प्रबंधन को जल्द सौंपा जाएगा मांग पत्र, जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में LMV ड्राइवरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ड्राइवरों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं को यूनियन के समक्ष रखा। ड्राइवरों ने बताया कि गुवा सेल प्रबंधन द्वारा LMV ड्राइवरों के लिए नया टेंडर जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके रोजगार पर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा वर्तमान में कार्यरत ड्राइवरों को निर्धारित दर के अनुरूप भुगतान नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई। बैठक में रोजगार सुरक्षा, मजदूरी भुगतान और कार्य व्यवस्था से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ड्राइवरों ने मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और रोजगार संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन, विधायक समीर मोहंती ने बांटे सर्टिफिकेट
मांगों के समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी यूनियन
बैठक में झारखंड मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि LMV ड्राइवरों की सभी मांगों और समस्याओं को जल्द ही सेल गुवा प्रबंधन के समक्ष उठाया जाएगा। यूनियन ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। यूनियन नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी। बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष मोहन महतो ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रकाश राउत, महामंत्री हेमराज सोनार सहित कपिलेश्वर डोंगो, सोमा महतो, गणेश दास, कृष्णा गोच्छाईत, धीरू साहू, अर्पण तांती, सागर दास, दासो बिरसा, मुन्ना चाम्पिया, बिरेंद्र करुआ, जुसास डांग, रवि करुआ, सुमित कांडीयांग, कनूराम चाम्पिया, सुनील लागुरी, उग्रसेन केशरी, विमल कुजूर समेत बड़ी संख्या में LMV ड्राइवर मौजूद रहे। यूनियन ने कहा कि वह श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।























