90 दिवसीय जागरूकता अभियान के दौरान पीएलवी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिसकर्मियों की बढ़ाई हौसला अफजाई
जागरूकता अभियान के जरिए लोगों तक पहुंच रही कानूनी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत भीषण गर्मी और तपती धूप में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच गुरुवार को ठंडा जल और ओआरएस घोल पैकेट का वितरण किया गया। डालसा के पीएलवी न्याय रथ के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान में मानवता और जनसेवा का संदेश भी दिया जा रहा है। डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देश पर पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायशवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो और बालेश्वर दास ने साकची शीतला मंदिर, आमबगान, साकची गोलचक्कर, साकची थाना, बिष्टुपुर और सोनारी सहित कई स्थानों पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ठंडा जल और ओआरएस पैकेट वितरित किया। इस पहल की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने सराहना करते हुए डालसा टीम के प्रति आभार जताया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : लाल बहादुर शास्त्री प्लस टू उच्च विद्यालय में पांच नए क्लासरूम निर्माण कार्य का शिलान्यास
कानूनी जागरूकता के साथ लोगों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

डालसा टीम ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल राहत पहुंचाना ही नहीं, बल्कि आम लोगों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान के दौरान नागरिकों को मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, सीनियर सिटीजन एक्ट, पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, दुर्घटना क्लेम, आपदा राहत और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। पीएलवी सदस्यों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क करें, जहां उन्हें नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के दौरान लोगों ने डालसा की इस पहल की सराहना की।























