- ग्वाला बस्ती में देर रात घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस, तड़ीपार आदेश उल्लंघन में कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में मंगलवार देर रात पुलिस ने तड़ीपार अपराधी के रूप में चर्चित कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे की, जब इलाके में पति-पत्नी के बीच मारपीट और विवाद की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार ‘चटनी डॉन’ को करीब दो माह पहले जिला प्रशासन ने तड़ीपार किया था, यानी उसे जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद वह चोरी-छिपे सोनारी के ग्वाला बस्ती इलाके में रह रही थी। बताया जाता है कि वह अपने साथी पवन यादव के साथ वहीं रह रही थी और किसी को इसकी भनक नहीं लगी थी। मंगलवार की रात घरेलू विवाद के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : विद्यासागर यूनिवर्सिटी में कुड़माली भाषा में यूजी-पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की पहल
पुलिस को देखते ही भागने लगी आरोपी, घेराबंदी कर किया गया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस जब घर पहुंची तो जांच के दौरान पता चला कि जिस महिला को तड़ीपार किया गया था, वही ‘चटनी डॉन’ यहां रह रही है। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सोनारी थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के मामले में उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और इलाके में उसकी हालिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह जिले में छिपकर किन-किन लोगों के संपर्क में थी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच शिविर आयोजित
मां ने बताया—चार साल से साथ रह रहा था पवन यादव, हाल में बढ़ा था विवाद
इधर इस पूरे मामले में ‘चटनी डॉन’ की मां ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि पवन यादव पिछले करीब चार वर्षों से उनकी बेटी के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा है और दोनों का एक बच्चा भी है। मां के अनुसार पिछले कुछ समय से पवन यादव उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था और उसे छोड़ देने की बात कह रहा था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान पड़ोसियों ने विवाद बढ़ता देख पुलिस को सूचना दे दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ तड़ीपार आदेश उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।























