- लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज़ स्थानीय लोगों ने संदिग्ध युवक को रंगे हाथ दबोचा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कीर्तन विहार कॉलोनी में बुधवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। दो दिन पहले भी इसी कॉलोनी में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें आरोपी युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बुधवार को वही युवक एक बार फिर कॉलोनी में संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां देखकर लोगों को शक हुआ और वे उस पर नजर रखने लगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी में तड़ीपार अपराधी ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार, पति से विवाद के बाद पुलिस ने दबोचा
घर में घुसने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया, पुलिस कर रही पूछताछ
बताया जाता है कि इसी दौरान युवक एक घर में घुसने का प्रयास कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद लोगों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर मानगो थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवक आदतन नशेड़ी प्रतीत हो रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और इलाके में पहले हुई चोरी की घटनाओं से उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।


























