- बागबेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थी, तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृत महिला स्टेशन परिसर के आसपास भीख मांगकर अपना जीवनयापन करती थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा में यूसिल कर्मचारी सहकारिता उपभोक्ता भंडार में गैस की किल्लत, पांच किलो सिलेंडर के दाम हुए 580 रुपये
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क के बीच पड़े शव के आसपास बैरिकेडिंग कर इलाके को घेर लिया, ताकि यातायात बाधित न हो और जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि देर रात तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।























