- अखंड महामंत्र नाम यज्ञ के शुभारंभ पर उमड़ा आस्था का सैलाब
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के कलिकापुर गांव में माता सची ठाकुरानी महिला समिति के तत्वावधान में अखंड महामंत्र नाम यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर 301 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में गांव के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों और संकीर्तन के साथ पूरे गांव का भ्रमण करते हुए आगे बढ़े। चारों ओर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह तीन दिवसीय महायज्ञ है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आई महिला, मौके पर दर्दनाक मौत
धार्मिक आयोजन से बढ़ती है एकता और भक्ति का संचार
समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि इस तरह के धार्मिक आयोजन हर वर्ष आयोजित किए जाते हैं, जिससे गांव में सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की जाती है। उनका मानना है कि कलयुग में भगवान के नाम का संकीर्तन और हरिनाम ही मोक्ष का सबसे सरल मार्ग है। इसी आस्था के साथ ग्रामीण बढ़-चढ़कर इस महायज्ञ में भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि गांव में आपसी भाईचारा और एकता भी मजबूत होती है। इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से घर-घर में भक्ति का माहौल बनता है और लोगों के बीच प्रेम व सद्भाव बढ़ता है।























