- सरहुल पर्व को भव्य बनाने के लिए तैयारियां पूरी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
- व्यवस्थाओं और स्वयंसेवक तैनाती के साथ भव्य आयोजन की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका में हरिणा भूमिज समाज द्वारा 21 मार्च, शनिवार को 45वां दिशुम हादी बोंगा-2026 (सार्वजनिक सरहुल पूजा) का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। इस पारंपरिक पर्व में झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा से लगभग 40 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। आदिम भूमिज मुंडा समाज कल्याण समिति, बुनुडीह की बैठक में अध्यक्ष उदय सरदार की अध्यक्षता में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने विस्तृत चर्चा की और बताया कि जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना सम्पन्न हो।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर, बारीपदा रेफर
दिशुम हादी बोंगा-2026 के लिए पुलिस सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा
आयोजन के अनुसार सुबह 10 बजे दिशुम नाया सुशांत सरदार की देखरेख में पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए नाया-देवरी भाग लेंगे। दोपहर में प्रसाद वितरण (जागु जोम) किया जाएगा, जबकि शाम 4 बजे से पूजारी और अतिथियों (नाया एवं कुपुल) का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे तक चलेगा। श्रद्धालुओं के लिए 20 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है और किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 200 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। आयोजन को सफल बनाने हेतु अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें पूजा स्थल व्यवस्था, नाया रजिस्ट्रेशन, मंच संचालन, भोजन, चिकित्सा, स्वयंसेवक प्रबंधन और अतिथि स्वागत शामिल हैं। महासचिव दीपक कुमार सरदार सहित कई गणमान्य लोग बैठक में उपस्थित रहे।





















