- मागे पर्व के दौरान हुए झगड़े का पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत चालगी गांव में मागे पर्व के दौरान हड़िया पीने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है। जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राफाएल मुर्मू ने बताया कि मृतक युवक श्रीधर बारी पर्व मनाने के लिए गांव आया था। इसी दौरान हड़िया पीने के क्रम में नशे की हालत में उसका आरोपियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने जलावन की लकड़ी से उसकी कनपटी पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत छुपाने की नीयत से मृतक के शव को रस्सी से पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में अलविदा जुमा की नमाज अदा, अब शनिवार को मनाई जाएगी ईद
पुलिस ने बरामद किए हत्या में प्रयुक्त सामान, फरार आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्ष्मण हेस्सा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जो चालगी गांव का ही निवासी है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी जलावन की लकड़ी और मृतक का खून लगा जैकेट भी बरामद किया गया है। वहीं इस मामले का दूसरा आरोपी गणेश पुरती अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम में एसडीपीओ राफाएल मुर्मू के साथ टोन्टो थाना के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















