- बहरागोड़ा के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास हुई दर्दनाक दुर्घटना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बहरागोड़ा के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास हुई इस दुर्घटना में कोकमारा गांव निवासी 31 वर्षीय दीपक पैड़ा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बीती रात दीपक अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे स्थित निशि होटल के पास खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए PRM Medical College रेफर कर दिया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम के दलदली में दामाद ने कर ली आत्महत्या
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में पसरा मातम
दीपक पैड़ा अपने पीछे पत्नी और एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कल तक खुशियां और हंसी गूंजती थी, वहां अब सन्नाटा और चीख-पुकार का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। कोकमारा गांव में शोक की लहर है, और हर कोई पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
























