- परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक रंगों के बीच सरहुल पूजा का आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी क्षेत्र के सिल्ली प्रखंड अंतर्गत लुपुंग टोला मेन अखड़ा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सरहुल पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हल्की वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ। सरना समिति के गोंदरा उरांव के संचालन में साल वृक्ष की पूजा विधिवत सम्पन्न हुई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का अबीर लगाकर स्वागत किया गया तथा उनके कानों में साल की टहनी खोंसकर पारंपरिक सम्मान दिया गया। कार्यक्रम की देखरेख अध्यक्ष सह मुखिया भरत सिंह मुंडा, कोषाध्यक्ष दुर्गा चरण मांझी, ललित सिंह मुंडा सहित अन्य सदस्यों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुरूप की।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कांड्रा में रेलवे ओवरब्रिज से महिला ने लगाई छलांग, घायल
शोभायात्रा, नृत्य-संगीत और अतिथियों के संदेश से गूंजा अखड़ा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अमित महतो ने उपस्थित लोगों को सरहुल की शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकृति पूजा का प्रतीक बताया और कहा कि यह पर्व अच्छी वर्षा और समृद्ध खेती का संकेत देता है। लुपुंग टोला की मुखिया सीमा गंझु और उनके सहयोगी त्रिलोकी गंझु ने आगंतुकों के लिए चना, गुड़ और पानी की विशेष व्यवस्था की। सिल्ली के पिस्का, खपचा बेड़ा और मोदीडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों से लोग सरहुल झंडे के साथ शोभायात्रा करते हुए अखड़ा पहुंचे। अखड़ा में पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की गूंज देर तक बनी रही, जिससे पूरा वातावरण सांस्कृतिक रंग में रंग गया।
























