- संताली भाषा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड में संताली भाषा और संस्कृति के संरक्षण को लेकर रविवार को ‘ओल चिकी इतुन आशड़ा’ की वार्षिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। टाटा स्टील फाउंडेशन और पंडित रघुनाथ मुर्मू एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षा में कुल 322 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के लिए प्रखंड के पाँच विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था, जिनमें पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खांडा मौदा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बहरागोड़ा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नाकदोहा, रांगामाटिया तथा आदिवासी गामारिया स्थित मध्य विद्यालय शामिल थे। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने संताली लिपि ‘ओल चिकी’ में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में डॉ. राममनोहर लोहिया कौशल विकास केंद्र का होगा शिलान्यास
शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से हुआ आयोजन
परीक्षा का संचालन टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रखंड समन्वयक दशरथ हांसदा के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से किया गया। इस दौरान शिक्षाविद नगेन चंद्र मांडी, दुखी राम मुर्मू और साहेब राम सोरेन ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को संताली भाषा और उसकी लिपि ‘ओल चिकी’ से जोड़ना तथा उनकी भाषाई जड़ों को मजबूत करना है। इस तरह के प्रयासों से क्षेत्र में न केवल भाषा का संरक्षण हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करने में मदद मिल रही है।
























