- स्थानीय लोग शव उठाने से पहले निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े
- पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : झाड़ग्राम नगर के श्मशान काली मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी और तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मंदिर के पास खाली जमीन पर शव देखा और तुरंत परिवार को सूचना दी। मृतक की पहचान झाड़ग्राम नगरपालिका वार्ड नंबर 12 निवासी नेपाल श्यामल के रूप में हुई। जब पुलिस शव को कब्जे में लेने पहुंची, तो परिजन और स्थानीय लोग इसका विरोध करने लगे। उनका कहना था कि डॉग स्क्वॉड बुलाकर निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए। तब तक शव उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : खड़गपुर में दिलीप घोष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, प्रचार के दौरान गाड़ी घेराव से तनाव
इलाके में बढ़ा तनाव, लोग न्याय की मांग पर अड़े
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए झाड़ग्राम थाने के आईसी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि मृतक को पहले किसी विषैले पदार्थ का सेवन कराया गया और इसके बाद उसकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बनाए रखी गई है।























