- सीमित संसाधनों के बीच नन्हें छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, अभिभावकों में खुशी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के किरीबुरू स्थित सेवा स्तंभ परिसर में संचालित Dr. Ambedkar Nursery School का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें नन्हें बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्रों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विद्यालय का संचालन मुखिया पार्वती कीड़ों के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में शिक्षिकाओं की टीम जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है। एलकेजी वर्ग में एलिना करुआ ने प्रथम, तनीष पान ने द्वितीय और अनन्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं यूकेजी वर्ग में तुलसी करुआ, प्रियांशी करुआ और आकाश प्रसाद ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विश्वजीत पिंगुआ द्वितीय और संदीप मुंडा तृतीय स्थान पर रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में ट्रांसजेंडर बिल के विरोध में किन्नर समुदाय का प्रदर्शन
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित, शिक्षकों के प्रयासों की सराहना
इस अवसर पर सेवा स्तंभ के पदाधिकारी संजय तिग्गा, सोनाराम गोप और प्रभुधान बारला ने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके भीतर आगे बढ़ने का नया उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की, जिन्होंने सीमित संसाधनों में भी बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई। यह विद्यालय उन बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है, जो आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से दूर रह जाते हैं। यह परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत को दर्शाता है, बल्कि शिक्षकों की समर्पण भावना और समाज के सहयोग का भी प्रतीक है।























