- पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल स्थित बनियाकुंदर मध्य विद्यालय में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर विद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पृथ्वी के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण रोकने का संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने एक विशेष वीडियो प्रस्तुति के जरिए पृथ्वी के महत्व को उजागर किया और पर्यावरण से जुड़ी कई रोचक जानकारियां साझा कीं, जिससे कार्यक्रम और भी ज्ञानवर्धक बन गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : डालसा ने पृथ्वी दिवस पर बच्चों संग किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पौधारोपण कर छात्रों ने लिया ‘धरती बचाओ, जीवन बचाओ’ का संकल्प
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पौधारोपण अभियान रहा, जिसमें विद्यालय के विज्ञान और कॉमर्स संकाय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में पौधे लगाते हुए सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में “धरती बचाओ, जीवन बचाओ” का संकल्प लिया। इस दौरान छात्रों को पृथ्वी दिवस के ऐतिहासिक महत्व और वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया गया। शिक्षकों ने बच्चों को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया।
इसे भी पढ़ें : Potka : माटकु पंचायत भवन में ज्ञान केंद्र का उद्घाटन, शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
प्रधानाचार्य ने प्रकृति संरक्षण को बताया भविष्य के लिए अनिवार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य संजय जेना ने प्रकृति के अंधाधुंध दोहन पर चिंता जताई और कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण की रक्षा करना अत्यंत जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला पृथ्वी दिवस हमें सालभर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्रों को सराहना पत्र देकर सम्मानित किया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रशांत भोल, छाया राणी महतो, उत्पल बेरा, बैद्यनाथ हेंब्रम, दीपक महतो, रंजीत हंसदा और धारून हेंब्रम सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















