- खेत में काजू तोड़ने गए ग्रामीणों पर अचानक किया हमला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सांड्रा पंचायत के लुगाहारा और लोधनबोनी गांव में बुधवार को जंगली हाथी के हमले से एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार प्रमिला महतो और बोना महाकुड़ अपने-अपने खेतों में काजू तोड़ने गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह हाथी को खदेड़ा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रमिला महतो को बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम और बोना महाकुड़ को गोपीबल्लवपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बनियाकुंदर मध्य विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजन, छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वन विभाग की निष्क्रियता पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले हाथियों के झुंड को बंगाल की ओर खदेड़ा गया था, लेकिन बीते एक सप्ताह से वे फिर से गांवों में लौटकर फसलों और घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, क्योंकि हाथियों के डर से लोग रातभर जागने को मजबूर हैं और उनकी फसलें भी बर्बाद हो रही हैं।






















