रात में सड़क पर उतर रहा हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया काजू जंगल में हाथियों के एक बड़े झुंड की मौजूदगी से इलाके में भय का माहौल बन गया है। करीब 12 से अधिक हाथियों का यह दल घाघरा क्षेत्र के पास डेरा जमाए हुए है और रात होते ही भोजन व पानी की तलाश में मटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर आ जाता है। इससे रात के समय इस मार्ग से गुजरना बेहद जोखिमभरा हो गया है। राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण भी लगातार डर के साए में जी रहे हैं। हाथियों की गतिविधियों के कारण खेतों और घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : धूमधाम से मनाई गई वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 136वीं जयंती
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और हाथियों को रिहायशी क्षेत्रों से दूर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे रात के समय जंगल या सुनसान रास्तों की ओर न जाएं और वन्यजीवों को किसी भी प्रकार से उकसाने से बचें। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि केवल निगरानी से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से इस मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए ठोस और दीर्घकालिक योजना बनाने की मांग की है, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


























