धानघोरी काजू जंगल में डेरा जमाए हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के धानघोरी काजू जंगल में इन दिनों एक दर्जन से अधिक जंगली हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है, जिससे मानुषमुड़िया सहित आसपास के कई गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। भोजन की तलाश में यह झुंड अंधेरा होते ही मटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर पहुंच जाता है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। राहगीरों को हर रात जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं, किसानों को अपनी फसलों के नुकसान की चिंता भी सता रही है, क्योंकि हाथियों द्वारा खेतों में घुसकर फसल बर्बाद करने की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में ब्राउन शुगर रैकेट का भंडाफोड़, HCL क्वार्टर से 5 युवक गिरफ्तार
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है और झुंड को वापस जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है। विभाग ने ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिया है कि वे रात के समय जंगल या सुनसान रास्तों पर जाने से बचें और किसी भी स्थिति में हाथियों को उकसाने की कोशिश न करें। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाने से स्थानीय लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गंभीर स्थिति पर तत्काल ध्यान देने और दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके।























