जमशेदपुर में ली अंतिम सांस, क्षेत्र में शोक की लहर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाजरत पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सालखु हेंब्रम का निधन हो गया। वे दामपाड़ा क्षेत्र के असना पंचायत अंतर्गत छोटा धातिका गांव के निवासी थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक कर्मठ और ईमानदार प्रशासनिक अधिकारी के रूप में याद किया। सालखु हेंब्रम ने अपने लंबे सेवा काल में जनहित से जुड़े कई कार्य किए, जिससे वे आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। उनके निधन से न केवल प्रशासनिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में झामुमो कार्यालय में आग, शॉर्ट सर्किट से पूरा दफ्तर जलकर खाक
प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सालखु हेंब्रम ने अपने करियर की शुरुआत बहरागोड़ा से की थी और बाद में चाईबासा में जेलर के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्हें पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड में BDO के पद पर पदोन्नत किया गया, जहां उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके निधन की सूचना मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। विधायक की अनुपस्थिति में उनके छोटे भाई रूबिन सोरेन सहित अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया। इस दौरान जिला सचिव रतन महतो, सह सचिव मो. जलील, कोषाध्यक्ष कालीपोदो गोराई समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।


























