क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और पुलिस-जन संवाद को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
नशाखोरी, सड़क सुरक्षा और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने पर भी हुई चर्चा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना परिसर में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकात देखने को मिली, जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सुपुत्री दुखनी सोरेन ने थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दुखनी सोरेन ने कहा कि स्थानीय स्तर के छोटे विवादों का समाधान थाना स्तर पर ही आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से शीघ्र किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के मालुआ गांव में 108 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा, हर-हर महादेव से गूंजा क्षेत्र
अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर दिए अहम सुझाव
बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, नशाखोरी पर रोक, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश तथा सड़क सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा में रहे। दुखनी सोरेन ने महिला सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस-जन संवाद को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने भी क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों के बीच क्षेत्र की बेहतरी और सामाजिक समन्वय को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति बनी।




























