किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और गुवा में पेड़ उखड़े, घरों की छतें उड़ीं, बिजली और मोबाइल सेवा बाधित
बिजली और मोबाइल सेवा बाधित होने से बढ़ी लोगों की परेशानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बुधवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने सारंडा क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। किरीबुरू, मेघाहातुबुरु, गुवा और बड़ाजामदा समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण सैकड़ों पेड़ और बड़ी-बड़ी डालियां मुख्य सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। किरीबुरू के सीजीएम आवास, डीएसपी ऑफिस, मीना बाजार, मेघा निकुंज पार्क, न्यू कॉलोनी, शॉपिंग सेंटर रोड और सीआईएसएफ मैदान के सामने सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई वाहन रास्ते में फंस गए और लोगों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ा। आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों और दुकानों की टीन की छतें उड़ गईं। ठेकेदार बीरेन्द्र मिश्रा के तीन कमरों की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मेन मार्केट के कई दुकानदारों को भी भारी नुकसान हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : बकरीद को लेकर जादूगोड़ा पुलिस अलर्ट, शांतिपूर्ण माहौल के लिए निकाला फ्लैग मार्च
तूफान से सड़क और बाजार क्षेत्रों में मचा हड़कंप

तेज तूफान के दौरान बिजली तारों पर पेड़ गिरने से किरीबुरू और मेघाहातुबुरु की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। कई इलाकों में शाम से अंधेरा पसरा रहा और लोग बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे। बिजली विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं चर्च हाटिंग क्षेत्र में मोबाइल टावर गिरने की सूचना भी सामने आई है, जिससे कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया। जिन घरों की छतें उड़ गईं, वहां बारिश का पानी घुसने से लोगों का अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। कई गुमटियां पलट गईं और दुकानों में रखा सामान भी बारिश में भींगकर बर्बाद हो गया। प्रशासन द्वारा हालात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन क्षेत्र में हुए नुकसान को काफी व्यापक बताया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Ghatsila : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने किया घाटशिला स्टेशन का निरीक्षण, अमृत स्टेशन योजना की प्रगति की समीक्षा
























