बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान, ट्रांसफार्मर के सामने किया विरोध प्रदर्शन
मुखिया ने विद्युत विभाग से समन्वय कर जल्द समाधान का दिया भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत दामदी स्कूल टोला में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है। वज्रपात की चपेट में आने से गांव में स्थापित 16 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया, जिसके कारण करीब 30 परिवारों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। पिछले कई दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। समस्या के समाधान में हो रही देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफार्मर के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक हाजिरी के विरोध में चार लौह अयस्क खदानों में ठप हुआ कामकाज
ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी खैरबनी पंचायत के मुखिया सुरेंद्रनाथ हेंब्रम को दी गई। सूचना मिलते ही मुखिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) से जल्द संपर्क कर नया ट्रांसफार्मर लगाने की पहल की जाएगी। मुखिया ने कहा कि गांव में जल्द बिजली बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस दौरान उकिल मुर्मू, अनिल मुंडा, सिरू टुडू, दिलीप मार्डी, मिर्जा हांसदा, सोनामुनी हांसदा, मेघराई मुर्मू, पंचम हांसदा और जितेन टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।



























