मानुषमुड़िया लैम्प्स भवन के पास भूमि विवाद को लेकर ग्रामीणों ने उठाया सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड के मानुषमुड़िया स्थित लैम्प्स भवन के समीप सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत के बाद शनिवार को अंचलाधिकारी (सीओ) राजा राम मुंडा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों का आरोप है कि भवरंजन महाकुड़ द्वारा सरकारी भूमि को घेरकर कब्जा किया गया है। मामले को लेकर स्थानीय मुखिया राम मुर्मू ने जिला उपायुक्त एवं अंचल कार्यालय को लिखित सूचना देकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल निरीक्षण किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : विधायक समीर मोहंती ने टीएमएच में माफ कराया 42 हजार रुपये का बिल
दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
जांच के दौरान अंचलाधिकारी ने संबंधित भूमि का निरीक्षण किया और उपलब्ध अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को भूमि स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। सीओ राजा राम मुंडा ने कहा कि दस्तावेजों की जांच और स्थल निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


























