करकेट्टा डैम, शिव मंदिर और भीमखंदा में पर्यटकों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना के विकास का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश
पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार और ग्रामीणों को मिलेगा आजीविका का अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के तीन अलग-अलग प्रखंडों में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कुचाई प्रखंड के करकेट्टा डैम, खरसावां प्रखंड के शिव मंदिर तथा राजनगर प्रखंड के भीमखंदा पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पर्यटन स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक विशेषताओं तथा धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विकास की योजना तैयार की जाए। उन्होंने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को इन स्थलों के विकास तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : दीपावली की रौनक से जगमगाया सरायकेला, दीयों और पटाखों के बाजार में उमड़ी भीड़
करकेट्टा डैम, शिव मंदिर और भीमखंदा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए बैठने एवं विश्राम करने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग और पहुंच पथ जैसी सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन किया जाए। इसके अलावा स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, व्यू-प्वाइंट तथा बैठने की समुचित व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा। पर्यटकों के मनोरंजन से संबंधित सुविधाओं को भी विकास योजना में शामिल करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाएं केवल कागजी नहीं, बल्कि स्थल की वास्तविक जरूरतों और व्यावहारिकता के अनुरूप तैयार होनी चाहिए, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Gua : नुईया गांव में जहरीले सांप ने महिला को डसा, सेल अस्पताल में भर्ती
पर्यटन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, पार्किंग और लाइटिंग की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास करने का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। पर्यटन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से इन स्थानों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थलों की आवश्यकता के अनुरूप विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।























