- बेनशोल में शहीद के घर आयोजित हुआ सम्मान एवं परिचय समारोह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पूर्व सैनिक सेवा परिषद घाटशिला की ओर से मुसाबनी प्रखंड के बेनशोल गांव स्थित शहीद दिलीप बेसरा के घर सम्मान एवं परिचय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि शहीद दिलीप बेसरा ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनके बलिदान की वजह से ही हम सभी सुरक्षित और गर्व के साथ जीवन जी रहे हैं। इस मौके पर दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के सुपुत्र एवं समाजसेवी सोमेश सोरेन भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीद परिवार से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि समाज और संगठन सदैव उनके साथ खड़ा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : भादुआ पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट सम्पन्न, विजेता टीम को मिला सम्मान
शहीद परिवार को मिला सम्मान, समाज में बढ़ी एकता और गर्व की भावना
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने शहीद दिलीप बेसरा के परिजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद परिवार समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई पीढ़ी को शहीदों की गाथा से परिचित कराना जरूरी है ताकि उनमें देशभक्ति की भावना मजबूत हो। शहीद परिवार ने परिषद और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से उन्हें गर्व और संबल मिलता है। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन से एकता और सम्मान का संदेश गया तथा शहीद के बलिदान को नमन किया गया।
























