महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर दिया जाएगा विशेष जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
अनुमंडल अस्पताल परिसर में पोषण माह के अवसर पर गुरुवार को ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ धूमधाम से किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी यूनिका शर्मा और अनुमंडल अस्पताल प्रभारी राजेंद्र नाथ सोरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम मैनेजर मयंक सिंह ने किया. इस अवसर पर अस्पताल के अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई. अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना है.
महिला और बच्चों के स्वास्थ्य पर केंद्रित रहा अभियान का पहला दिन
अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभियान के तहत महिलाओं के लिए ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, शुगर, कैंसर और अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. बच्चों के लिए टीकाकरण और पौष्टिक आहार की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा टेक होम राशन (THR) वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड नामांकन और मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा. वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और विकसित समाज की आधारशिला है, इसलिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. संयुक्त प्रयास और विभागीय कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन सफल रहा, जिसे स्थानीय लोगों ने भी सराहनीय पहल बताया.
























