बुरुडीह डेम संचालन में दखल से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में आज बुरूडीह मुराहीड़ डेम संचालन समिति के अध्यक्ष जोशेफ़ मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अनुमंडल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.
अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चन्द्र की अनुपस्थिति में ज्ञापन कार्यालय अधीक्षक डोमन मरांडी को सौंपा गया.
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बुरूडीह मुराहीड़ डेम का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाता है. इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व समिति के अधिकार और संचालन व्यवस्था में लगातार हस्तक्षेप कर रहे हैं. इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि डेम क्षेत्र में बार-बार अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है और समिति के कार्यों में बाधा डाली जा रही है.
ग्रामीणों ने कहा कि डेम न केवल किसानों की सिंचाई व्यवस्था से जुड़ा है बल्कि यह क्षेत्र के विकास और आजीविका का अहम आधार है. यदि इसमें व्यवधान डाला गया तो ग्रामीणों की जीवनरेखा प्रभावित होगी. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस विषय को लेकर कई बार आपसी समझौते की कोशिश की गई, लेकिन असामाजिक तत्वों द्वारा सहयोग नहीं किया गया.
इस मामले को लेकर समिति द्वारा पूर्व में थाना प्रभारी को भी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं और डेम संचालन समिति को निर्बाध रूप से काम करने दिया जाए.
ज्ञापन सौंपने के मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुमित्रा सोरेन, नरेन्द्र नाथ नायक, मनोहर सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की.
























