जेबी लाइव, रिपोर्टर
धालभूमगढ़ प्रखंड के नरसिंहगढ़ बाजार स्थित काजू बैंक्विट हॉल में सेवा ही धर्म संस्था के तत्वावधान में दो दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। दूसरे दिन विशेष रूप से युवा समाजसेवी सोमेश चंद्र सोरेन ने पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उपस्थित युवाओं को रक्तदान के महत्व पर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है, इससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।”

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जिससे हर व्यक्ति को जुड़ना चाहिए। आज के समय में दुर्घटना, गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता आम हो गई है। यदि समाज के लोग नियमित रूप से रक्तदान करें तो किसी भी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता बढ़ी है। कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर उपस्थित लोगों ने सेवा ही धर्म संस्था की इस पहल की सराहना की और इसे समाजसेवा की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान सेवा ही धर्म संस्था की टीम और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मौके पर धालभूमगढ़ प्रखंड के झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हंसदा, चेतन मुर्मू, कमल मंडल, मंगल हेंब्रम, विक्रम सोरेन, विनोद चौबे, शेख सलीम शहजादा, मोहम्मद जुलास सहित संस्था से जुड़े नौशाद अहमद, गुलशन शर्मा और सोनू चौबे मुख्य रूप से मौजूद रहे।
























