- कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में प्रतिनिधियों ने विभागीय मंत्री संजय यादव से की मुलाकात
- मंत्री ने आश्वासन दिया, जल्द होगी समस्या का समाधान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारखंड प्रदेश श्रमिक मित्र संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के पदाधिकारियों ने आज झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में विभागीय मंत्री संजय यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और जायज़ मांगों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य भर में 3000 से अधिक श्रमिक मित्र कार्यरत हैं, जिनमें सिर्फ पूर्वी सिंहभूम जिले में ही 100 से अधिक श्रमिक मित्र हैं। ये श्रमिक मित्र सरकार की योजनाओं को लाभुकों तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, बावजूद इसके उन्हें मानदेय नहीं मिल रहा है और केवल नाममात्र की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रतिनिधियों का कहना था कि श्रमिक मित्रों के श्रम और अधिकार दोनों की अनदेखी हो रही है, जिससे वे आर्थिक और सामाजिक दोनों स्तर पर उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : युवा नेता सोमेश चंद्र सोरेन ने दिया सहयोग, प्रतिनिधियों ने पहुँचाया पीड़ित परिवारों तक मदद
श्रमिक मित्रों ने मानदेय व अधिकार की मांग तेज की
प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में श्रमिक मित्रों से काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनकी उपस्थिति तक दर्ज नहीं की जा रही है और प्रोत्साहन राशि भी नहीं मिल रही है। इस पर विभागीय मंत्री संजय यादव ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी और श्रमिक मित्रों को उनका उचित अधिकार व लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर श्रमिक मित्र जिला अध्यक्ष सुशेन कालिंदी सहित पीतांबर हंसदा, किसंदर सरदार, खुदीराम मुर्मू, विनोद बा, टीबु सोरेन, सुनिर्मल किस्कू, झांटू महतो और जिले के सभी प्रखंडों से आए श्रमिक मित्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
























