- छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुदलीबाद–करिया मार्ग पर नक्सलियों ने की बड़ी वारदात, इलाके में दहशत का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल एक बार फिर नक्सली हिंसा से दहल उठे हैं। छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदलीबाद से करिया जाने वाली सड़क को नक्सलियों ने लैंडमाइन विस्फोट कर उड़ा दिया। यह घटना 14 और 15 अक्टूबर की मध्य रात्रि में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच लगाए गए शक्तिशाली विस्फोट से सड़क का बड़ा हिस्सा ध्वस्त होकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया। इस घटना के बाद इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों और मालवाहक ट्रकों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जबकि मोटरसाइकिल से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि नक्सलियों ने कुदलीबाद स्थित बीएसएनएल मोबाइल टावर और कुछ वाहनों में भी आग लगाई है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह जब लोग दैनिक कार्यों हेतु सड़क की ओर निकले, तो विस्फोट से बने विशाल गड्ढे को देखकर दहशत में आ गए।
इसे भी पढ़ें : Khadagpur : जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने डीआरएम खड़गपुर से की मुलाकात, रेलवे विकास पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
खाद्य और जरूरी सामान की आपूर्ति ठप, प्रशासन से सुरक्षा की मांग तेज
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग आसपास के गांवों तक खाद्यान्न, दवाई और अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति के लिए किया जाता रहा है। सड़क ध्वस्त होने से अब लोग लंबा और कठिन रास्ता अपनाने को मजबूर हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सारंडा क्षेत्र में नक्सल गतिविधियां फिर से बढ़ने लगी हैं और लगातार हो रहे धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम इलाके की ओर रवाना हो गई है। फिलहाल विस्फोट स्थल के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क मरम्मत और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।
























