- सिविल सर्जन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई, सभी मरीजों को दी गई दवा और जागरूकता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बोड़ाम प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत के कोइरा गांव स्थित बाधा डीह टोला में मलेरिया फैलने की सूचना के बाद जिला सर्विलांस कार्यालय की टीम सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर त्वरित निरीक्षण के लिए पहुंची। गांव में कुल 13 घर और 54 की आबादी है। 8 नवंबर से 20 नवंबर के बीच सभी 54 लोगों की मलेरिया और हीमोग्लोबिन जांच पूरी की गई, जिसमें 31 लोग मलेरिया से संक्रमित पाए गए। सभी मरीजों को मौके पर ही दवा प्रदान की गई तथा उन्हें मच्छरदानी के उपयोग और समय पर दवा लेने के लिए जागरूक किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम को ‘बाल मित्र जिला’ बनाने के प्रस्ताव को मिला अर्जुन मुंडा का समर्थन, चतुर्थ बाल मेला 2025 का भव्य समापन
हीमोग्लोबिन जांच में दो लोगों का स्तर 9 ग्राम से कम पाया गया, जिन्हें आयरन की गोली उपलब्ध कराई गई। निरीक्षण दल में महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. असद वरुण कुमार पाल, दीपक कुमार, डॉ. सुमन दत्ता सहित स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ और टाटा स्टील फाउंडेशन की टीम शामिल थी। गांव के मुखिया विजय सिंह, सैया दीदी, सावित्री सबर, ईश्वर सबर और अन्य प्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य टीम के साथ सहयोग किया। टीम ने गांव में जागरूकता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई और मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
























