- 21 दिसंबर तक वन-वे सिस्टम और भारी वाहनों की रोक, स्कूल बसों के लिए विशेष व्यवस्था
- ट्रैफिक पुलिस की अपील—निर्धारित रूट का पालन कर बनाएं यात्रा सुरक्षित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो फ्लाईओवर और आजाद बस्ती की ओर एलिवेटेड पहुंच पथ निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक रूट में बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है। ट्रैफिक डीएसपी द्वारा जारी आदेश, जिस पर उपायुक्त और एसएसपी के हस्ताक्षर हैं, के अनुसार 25 नवंबर से 21 दिसंबर तक कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन में प्रतिबंध और वन-वे सिस्टम लागू रहेगा। इस अवधि में मानगो चौक से पारडीह चौक के बीच बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक बड़ा हनुमान मंदिर, पारडीह रोड से मानगो चौक की ओर आने वाली स्कूल बसें और स्कूल वैन को आने की अनुमति दी गई है, जबकि इस दौरान मानगो चौक से पारडीह की ओर जाने वाले सभी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर स्टेशन के बाहर खड़ी कार में अचानक आग, आधे घंटे में काबू
मानगो क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति और ट्रैफिक की चुनौतियाँ
सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक ट्रैफिक रूट पूरी तरह उलट जाएगा। इस दौरान मानगो चौक से पारडीह रोड स्थित बड़ा हनुमान मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन सामान्य रहेगा, जबकि पारडीह से मानगो चौक की ओर प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। छोटी गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पारडीह चौक से मानगो ब्रिज की ओर आने वाले छोटे वाहन सहारा सिटी – रोड नंबर 15 – पारडीह मानगो रोड होते हुए मानगो ब्रिज पहुंच सकते हैं। वहीं सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक छोटे वाहन सहारा सिटी – रोड नंबर 15 – चेपा पुल – ओल्ड पुरूलिया रोड के रास्ते मानगो ब्रिज तक जा सकेंगे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें, ताकि निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल सके और यातायात बाधित न हो।
























